अनोखा तीर, हरदा। विगत दिनों कथावाचक पं. धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु पर अभद्र अपमानजनक टिप्पणी किए जाने पर हैहयवंशीय क्षत्रिय ताम्रकार कसेरा समाज ने विरोध जताते हुए उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम किए जाने की मांग की है। शुक्रवार को इस बारे में समाज ने एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इसमें समाज ने कहा कि भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रार्जुन हमारे आराध्य देव हैं। हम उनकी संतानें हैं। ज्ञापन में कहा कि हैहयवंश अंतर्गत कसेरा ताम्रकार देश में 4 करोड़ से ज्यादा आबादी है। मध्य प्रदेश के महेश्वर में हैहयवंशीयों का धाम है। जहां भगवान शिव ने भगवान श्री राज राजेश्वर को अपने में आत्मसात किया था। यहां भगवान श्री सहस्त्रबाहु का प्राचीन मंदिर है। इसमें अनादिकाल से 11 अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित है। समाज ने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री एक कथावाचक हैं। वे दूरदर्शन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कथा करते हैं। इनकी कथा में लाखों लोग आते हैं। इनका अनुसरण भी करते हैं। इनके द्वारा कही बातों पर लोग विश्वास भी करते हैं। गत 26 अप्रैल 2023 को सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अपने फेसबुक एकाउन्ट पर उन्होंने एक वीडियो अपलोड किया है। इसमें भगवान सहस्त्रबाहु पर अपमानजनक धार्मिक भावना भड़काने वाला कथन कहा गया है। उनके कथन से समस्त हैहयवंश की भावनाएं आहत हुई हैं। अत: उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया जाए। यह ज्ञापन सौंपे जाने के अवसर पर समाज के अध्यक्ष मनोज महलवार, योगेश चंद्रवंशी, गगन नायक, विजय कुमार, विनोद कुमार, सुबोध आदि उपस्थित थे।
Views Today: 4
Total Views: 128

