अनोखा तीर, हरदा। जिले के लोक सेवकों की कार्य संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु लोक सेवक समस्या निवारण शिविर पालिटेक्निक कालेज हरदा में आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री गर्ग ने विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं अपने स्तर पर हल न हो सके, उसके लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखवाए। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारीयों को निर्देश दिये कि अपने स्टाफ व कर्मचारियों का वेतन हर माह की १ तारीख को होना सुनिश्चित करें। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, संयुक्त कलेक्टर डीके सिंह, अनुविभागीय अधिकारी श्रुति अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी व कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे। शिविर में कुल ९८ आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से २९ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष ६९ समस्याओं के निराकरण की समय सीमा निर्धारित की गई।

