खुशियों की दास्तां

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, हरदा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल का गुरूवार को रहटगांव तहसील के ग्राम केलझिरी में आगमन हुआ। इस दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल भी उनके साथ थे। वन विभाग की सामुदायिक चौपाल पर आयोजित कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों की दीदीयों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित जय दुर्गे महिला स्वसहायता समूह की दीदी श्रीमती भूरीबाई उइके व वंदना छापरे ने राज्यपाल श्री पटेल से संवाद कर अपनी-अपनी सफलता की कहानी सुनाई। इस दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल, सांसद बैतूल हरदा संसदीय क्षेत्र डीडी उइके, विधायक टिमरनी संजय शाह सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। भूरीबाई ने बताया कि किस तरह उन्होंने स्वसहायता समूह की मदद लेकर धीरे-धीरे अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार किया। भूरीबाई ने बताया कि जय दुर्गे स्वसहायता समूह ग्राम छीरपुरा की वह सदस्य है। पहले उसने स्वसहायता समूह से 5 हजार का ऋण लेकर अपनी परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति की। थोड़ी स्थिति सुधरने पर समूह से 20 हजार का ऋण लेकर उसने सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई व्यवसाय शुरू किया, जिससे परिवार की हालत सुधरने लगी। इसके बाद उसने समूह से 50 हजार का ऋण लेकर अपने पति को डीजे साउण्ड व्यवसाय प्रारम्भ करने में मदद की। इसके बाद समूह से 1.50 लाख का ऋण लेकर खेती भी की। इस तरह स्वसहायता समूह की मदद से धीरे-धीरे भूरी बाई के परिवार की आय बढ़ी, जिससे आज उसका परिवार बहुत खुशहाल है।

109 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!