मौसम विभाग का पूर्वानुमान बिल्कुल सटीक रहा। लगातार तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी के बीच क्षेत्र में बीतें 24 घंटे से झमाझम बारिश हो रही है। इधर, जिले की सीमा पर बहने वाली नर्मदा नदी उफान पर है। इसकी मुख्य वजह लगातार बारिश तथा तवा डेम के गेट खोले जाना है। जिसके चलते नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
फोटो 16
अनोखा तीर, हरदा। क्षेत्र में बीतें 24 घंटे से झमाझम बारिश के बीच तवा डेम के गेट खेले जाने के कारण नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं नर्मदा में उफान के चलते सहायक नदियां भी लबालब होकर बह रही हैं। इधर, बाढ़ की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बाढ़ संभावित इलाकों के साथ-साथ मुख्य मार्गो पर नदी के पुल व नालों के रपटों पर होमगार्ड के जवानों को तैनात कर दिया है। जानकारी के अनुसार हंडिया में सुबह 10 बजे नर्मदा का जलस्तर जहां 267.250 मीटर था, जो देर शाम करीब एक एक मीटर यानि 268.000 मीटर पहुंच गया। नर्मदा में तेजी से बढ़ते जलस्तर को देख प्रशासन ने तटीय ग्रामों में मुनादी कराई, वहीं ग्रामीणों को सचेत रहने के साथ ही नदी-नालो से दूरी बनाएं रखने की सलाह दी है।
गांवों का टूटा सडक़ संपर्क
लगातार बारिश के चलते सोमवार को भमौरी और जुगरिया के बीच बहने वाला नाला उफान पर आ गया। जिसके चलते करीब आधा दर्जन ग्रामों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया। जुगरिया, आदमपुर, मनोहरपुरा और सुरजना के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीएम श्रुति अग्रवाल और तहसीलदार शिवदत्त कटारे के साथ आरआई संतोष पथौरिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मैदानी अमले को रखें मुस्तैद
उधर, मुख्यालय पर अजनाल नदी में बाढ़ की आशंका के बीच प्रशासन पहले से सक्रिय हो गया है। एसडीएम श्रुति अग्रवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि हर स्थिति से निपटने अमले को मुस्तैद रखा जाए। साथ ही अजनाल के जलस्तर पर पैनी नजर रखी जाए। हालांकि, फिलहाल अजनाल का जलस्तर चिंताजनक नही है। बावजूद प्रशासन ने मैदानी अमला तथा राहत एवं बचाव दल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे में 33.1 मिमी वर्षा
जिले में गत चौबीस घंटों में 33.1 मि.मी औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया 24 घंटे में हरदा तहसील में 29.7 मि.मी., टिमरनी में 41.2 मि.मी., खिरकिया में 28.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 1189.9 मि.मी., टिमरनी में 1470.8 मि.मी., खिरकिया में 970 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस तरह इस साल अब तक जिले में 1210.2 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। जबकि गत वर्ष 22 अगस्त तक 565.8 मि.मी. वर्षा हुई थी।
धैर्य रखें, बहाल होगी व्यवस्था
महाप्रबन्धक मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी अमरेश शुक्ला ने बताया कि 24 घंअे से जारी बारिश के कारण जिले के कुछ क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे को क्षति हुई है। बिजली व्यवस्था को सुचारु रूप से चालू करने में पूरा बिजली अमला रातभर से प्रयासरत है। तेज बारिश एवं बाढ़ की विषम परिस्थितियों में भी कंपनी के मैदानी कर्मचारियों द्वारा कार्य कर शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति को बहाल भी किया जा रहा है। उन्होंनें उपभोक्ताओं से अपील की है कि धैर्य बनाएं रखें, विद्युत आपूर्ति को शीघ्र ही सामान्य कर बहाल कर दिया जाएगा।
—————————-

