वोटर आईडी व आधार लिंकिंग के कार्य में गति लाएं : कलेक्टर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने जिले के सभी अधिकारी कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपना एवं अपने परिवारजनों की वोटरआईडी को आधार नम्बर से लिंक करा लें। उन्होंने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि बीएलओ के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में मतदाताओं के वोटर कार्ड व आधार नम्बर एकत्र कर उन्हें लिंक कराने के कार्य में गति लाएं। उन्होने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों के सचिवों के माध्यम से ऐसी नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की कार्यवाही करें जो कि पिछले दिनों विवाहित होकर गांव में नई आई है ताकि वे भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डीके सिंह व अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में आवेदनों का करें त्वरित निराकरण
कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में निर्देश दिए कि जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रति मंगलवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी अधिकारी उपस्थित रहें तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण का प्रयास करें। यदि तुरन्त निराकरण संभव न हो तो आवेदक को एक स्पष्ट समय सीमा बता दी जाए ताकि वह अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाएं।
गोद ली हुई आंगनवाडिय़ों का नियमित भ्रमण करें
एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम के तहत जिन अधिकारियों ने आंगनवाडिय़ों में सुविधा वृद्धि की जिम्मेदारी ली है, वे अपनी आंगनवाड़ी का नियमित दौरा करें और वहां के बच्चों से पोषण आहार की गुणवत्ता के विषय में पूछताछ करें। कलेक्टर श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि लाड़ली लक्ष्मी योजना व प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति के संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से पूछताछ करते रहें।
सभी पात्र परिवारों को पात्रता पर्ची उपलब्ध कराएं
कलेक्टर श्री गर्ग ने बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ-साथ जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिवों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उचित मूल्य की दुकान से मिलने वाले खाद्यान्न के लिये पात्रता पर्ची जारी हो जाए। उन्होने कहा कि उज्जवला योजना के पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिलाने के लिये विशेष अभियान प्रारम्भ किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें
बैठक में कलेक्टर श्री गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में उनके विभाग से संबंधित दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। उन्होने कहा कि आवेदक से फोन पर चर्चा कर शिकायत को समझें और उसका निराकरण करें। यदि आवेदक ने कोई मांग की है और वह उसके लिये पात्र है तो उसे संबंधित योजना के तहत लाभान्वित करें। यदि वह अपात्र है तो उसे ऐसा बता दें। कलेक्टर श्री गर्ग ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में सराहनीय कार्य करने वाले विभागों नगरीय प्रशासन, सहकारिता एवं लीड बैंक के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
————————–

Views Today: 2

Total Views: 112

Leave a Reply

error: Content is protected !!