-हरदा के दो पुलिसकर्मी शामिल
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पुलिस के 100 अधिकारियों और जवानों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। इनमें हरदा के पुरुषोत्तम विश्नोई और धीरज मेहरा शामिल हैं। भोपाल की नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में हुए समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सम्मान दिए। हरदा जिले के कायागांव के रहने वाले पुरुषोत्तम विश्नोई इंदौर में आरआई के पद पर पदस्थ हैं। धार जिले में पदस्थापना के दौरान भोजशाला में शांति, सुरक्षा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में योगदान के लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र और डीजी डिस्क दिया गया। हरदा शहर की चंदर सराफ की बाड़ी में रहने वाले धीरज मेहरा भोपाल में डीजीपी ऑफिस में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें भी समारोह में सम्मानित किया गया। पुरुषोत्तम ने सम्मान को भोजशाला ड्यूटी में जुटे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान बताया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, सहकर्मियों के सहयोग और परिवार के संबल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देगा।







