-ग्राम पंचायत नौसर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में दिलाई जागरूकता की शपथ
अनोखा तीर, हरदा/नौसर। बाल विवाह बेटियों के सपनों, शिक्षा और बेहतर भविष्य में सबसे बड़ी बाधा है। कम उम्र में शादी न केवल उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उन्हें कई अधिकारों से भी वंचित कर देती है। इसी संदेश के साथ ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लक्ष्य हेतु ग्राम पंचायत नौसर में विशेष ग्राम सभा, बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है। कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं में कुपोषण, एनीमिया और गर्भावस्था के दौरान गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही पढ़ाई छूटने से आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी प्रभावित होते हैं। इस विशेष ग्राम सभा में सरपंच जगदीश चावरे, सचिव पुलकित कुमार तिवारी, पटवारी अनुराग गौर, सहायक सचिव विनोद मांझी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता नायर व ज्योति सोलंकी, सहायिका किरण व सीमा, आशा कार्यकर्ता जयवंती तथा ग्राम कोटवार शोभाराम व धर्मेंद्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने क्षेत्र में बाल विवाह की रोकथाम और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।






