Skip to content
Saturday, 28 November 2026
हरदा

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध होना संविधान का सच्चा सम्मान

2 min read
03 12

-दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की आत्मा है भारतीय संविधान  
-रेडक्रास सोसायटी हरदा ने मनाया संविधान दिवस

अनोखा तीर, हरदा। आजादी के उपरांत दो वर्ष, ग्यारह माह, अठारह दिन की अथक प्रयासों की संविधान सभा की तपस्या का प्रतिफल है जो 26 नवम्बर 1949 को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को अपना एक विशाल लिखित संविधान प्राप्त हुआ। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के इसके निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को दृष्टिगत रख वर्ष 2015 से इसे संविधान दिवस के रूप में मनाए जाने का संकल्प तत्कालीन सरकार ने लिया, इसमें प्राप्त अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्य का बोध होना इसके प्रति सच्ची श्रद्धा एवं सम्मान का सूचक है। उपरोक्त विचार रेडक्रास सोसायटी हरदा के अध्यक्ष प्रकाश टांक द्वारा शासकीय महाविद्यालय में आयोजित संविधान दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। अपने उद्बोधन में उन्होंने यह भी कहा कि हमारा संविधान केवल नियमों कानूनों की किताब ही नहीं है, अपितु भारत जैसे विशाल देश के प्रत्येक भारतीय का रक्षा कवच है, यह भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में रेडक्रास सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एल.एन. पाराशर ने कहा कि संविधान की असली ताकत तभी है जब अधिकार और कर्तव्य एक साथ चलें। आम प्रचलन में हम अपने अधिकारों की बात तो करते हैं, लेकिन अपने मौलिक कर्तव्यों को नजर अंदाज कर देते हैं। रेडक्रास सोसायटी के सचिव नवनीत पटेल ने भी उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न डॉ. अंबेडकर कहते थे कि संविधान कितना ही अच्छा क्यों न हो, यदि उसे लागू करने वाले ठीक नहीं हैं तो वह बुरा साबित होगा। जब-जब भी भारतीय संविधान से अनुचित छेड़छाड़ हुई, भारतीय न्याय व्यवस्था ने इससे प्राप्त अधिकारों के कारण इसकी रक्षा की, यह भारतीय संविधान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। कार्यक्रम में समाज सेविका गीता पांडे ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का आभार विनय जैन ने किया। आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महाविद्यालय स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply