-अफवाह फैलाने वालों पर हो कार्रवाई
-नगर पालिका में नाम परिवर्तन का कोई प्रस्ताव नहीं
-अध्यक्ष और सीएमओ से स्थिति स्पष्ट करने की मांग
अनोखा तीर, हरदा। शहर के नेहरू स्टेडियम का नाम बदलकर वीर सावरकर स्टेडियम किए जाने की चर्चाओं के बीच नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने इसे निराधार बताते हुए अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। रोचलानी ने कहा कि नगर पालिका परिषद में अब तक नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने संबंधी कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है और न ही यह विषय परिषद की बैठक में प्रस्ताव के रूप में रखा गया है। इसके बावजूद शहर में नाम परिवर्तन की खबरें फैलने से लोगों में भ्रम और तनाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नाम परिवर्तन का कोई प्रस्ताव नहीं है तो नगर पालिका को आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं फैलाकर शहर का माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर पालिका सीएमओ को नेहरू पार्क और नेहरू स्टेडियम के नाम परिवर्तन को लेकर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने के निर्देश दिए जाएं। रोचलानी ने कहा कि नगर पालिका जनता की संस्था है, इसलिए उसके निर्णयों में पारदर्शिता और परिषद की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। हरदा की शांति, सामाजिक सौहार्द और ऐतिहासिक पहचान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने की चर्चाएं निराधार






