-भाजपा जिला महामंत्री राजेश गोदारा ने विधायक दोगने के आरोपों पर किया पलटवार
-बोले- विकास कार्यों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताएं
अनोखा तीर, हरदा। ग्राम धनवाड़ा में 3.06 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा पूर्व मंत्री कमल पटेल पर लगाए गए आरोपों के जवाब में भाजपा जिला महामंत्री राजेश गोदारा ने पलटवार किया है। उन्होंने विधायक से विकास कार्यों को लेकर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां सार्वजनिक करने की बात कही। गोदारा ने कहा कि धनवाड़ा में किसी सामान्य भवन का शुभारंभ नहीं, बल्कि 3.06 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की पदस्थापना के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत हुई है। इस केंद्र का भूमिपूजन 19 अप्रैल 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, तत्कालीन मंत्री तुलसीराम सिलावट, तत्कालीन कृषि मंत्री एवं हरदा विधायक कमल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ था। अब यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर विकास कार्यों की जानकारी देना उनकी जिम्मेदारी है। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार है तथा भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधि भी विभिन्न पंचायतों में सक्रिय हैं। ऐसे में सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना राजनीतिक दल का स्वाभाविक दायित्व है। गोदारा ने कहा कि हरदा जिले में सड़कों, पुल-पुलियाओं और अन्य विकास कार्यों के लिए पूर्व मंत्री कमल पटेल ने लगातार प्रयास किए हैं। मंडी बोर्ड के माध्यम से भी कई सड़कों को स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने विधायक दोगने से अपने कार्यकाल में स्वीकृत सड़कों, पुल-पुलियाओं और अन्य विकास कार्यों का विवरण जनता के सामने रखने की मांग की। मुख्यमंत्री के सम्मान और प्रोटोकॉल को लेकर उठाए गए सवालों पर भी गोदारा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों की गरिमा का सम्मान सभी जनप्रतिनिधियों को अपने बयानों और आचरण में बनाए रखना चाहिए। भाजपा नेता ने विधायक से आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास के मुद्दों पर चर्चा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनता के सामने दोनों पक्षों को अपने-अपने कार्यकाल के विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का काम जारी रखेंगे।
धनवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ पर भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज






