-वीर तेजाजी रक्त समूह ने निभाई मानव सेवा की मिसाल
-जरूरतमंदों की मदद में जुटा समूह
अनोखा तीर, हरदा। जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराना किसी जीवनदान से कम नहीं है। वीर तेजाजी रक्त समूह ने एक बार फिर मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए ग्राम झाड़पा निवासी सरस्वती को डिलीवरी के दौरान रक्त की आवश्यकता होने पर मदद पहुंचाई। सूचना मिलते ही समूह के संचालक सुदीप बेड़ा और कार्यकर्ताओं ने रक्त की व्यवस्था की। रक्तदाता विजय जेवल्या ने रक्तदान कर प्रसूता की मदद की। समय पर रक्त उपलब्ध होने पर परिजनों ने रक्तदाता विजय जेवल्या और रक्त समूह के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विजय जेवल्या ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में कई तरह की भ्रांतियां हैं, जबकि स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय पात्रता के अनुसार सुरक्षित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिलती है। कई वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सुदीप बेड़ा जाट के नेतृत्व में वीर तेजाजी रक्त समूह लगातार जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। समूह के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए युवाओं से भी रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की गई।







