-एक पक्ष ने दिया ज्ञापन, दूसरे ने कहा- बिना बताए कराए हस्ताक्षर
अनोखा तीर, हरदा। हरदा नगर पालिका के सफाई दरोगा उपेंद्र कलोसिया को हटाने की मांग को लेकर कुछ कर्मचारियों ने कलेक्टर, सीएमओ और नगर पालिका अध्यक्ष के नाम ज्ञापन दिया है। शिकायतकर्ता वीरेंद्र गौहर ने आरोप लगाया कि उपेंद्र की मनमानी से कई सफाईकर्मी परेशान हैं। वहीं, शिकायत के बाद कुछ कर्मचारी सफाई दरोगा के समर्थन में सामने आए। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायत के बारे में बताए बिना आवेदन पर हस्ताक्षर कराए गए।
सफाईकर्मी को वापस ड्यूटी पर बुलाने की मांग
शिकायत में कहा गया कि अर्जुन कंसोटे को सफाई वाहन पर ड्यूटी नहीं करने दी जा रही है और उन्हें बिना वजह काम से हटाया गया है। कर्मचारियों ने उन्हें दोबारा ड्यूटी पर बुलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वे हड़ताल करेंगे। शिकायत के बाद कई कर्मचारी उपेंद्र कलोसिया के समर्थन में आए। सफाईकर्मी आशा बाई ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि किस बात के लिए हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। उनसे हस्ताक्षर करने को कहा गया, तो उन्होंने कर दिए। उनका कहना है कि अगर पता होता कि शिकायत सफाई दरोगा के खिलाफ है, तो वे हस्ताक्षर नहीं करतीं। वाहन चालक अफजल ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि शिकायत वाले आवेदन पर उनके हस्ताक्षर कैसे और किसने कर दिए। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान सफाई दरोगा और एक कर्मचारी के बीच निजी विवाद हुआ था। सफाईकर्मी महबूब शेख ने कहा कि उन्हें पढ़ना-लिखना नहीं आता। साथियों ने हस्ताक्षर करने को कहा, तो उन्होंने कर दिए। उन्होंने सफाई दरोगा से किसी तरह की परेशानी होने से इनकार किया। इस संबंध में सीएमओ रोशन सिंह बाथम ने बताया कि शिकायत मिली है। उनके मुताबिक, इसकी वजह दोनों कर्मचारियों के बीच हुआ निजी विवाद है। दोनों को समझाइश देकर मिल-जुलकर काम करने को कहा गया है। शिकायत की जांच की जा रही है।







