Skip to content
Sunday, 22 November 2026
हरदा

29 दिन एसएनसीयू में रही नवजात आध्या शिशु गृह भेजी गई

3 min read

-नर्सों ने रखा नाम, विदाई पर छलके आंसू
-दो महीने बाद शुरू होगी गोद लेने की प्रक्रिया
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में सड़क किनारे मिली नवजात बच्ची को 29 दिन जिला अस्पताल के एसएनसीयू में रखने के बाद शनिवार को शिशु गृह भेज दिया गया। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर बच्ची को वहां भेजा गया है। जन्म के बाद उसे सड़क पर छोड़ दिया गया था। बच्ची की मां ने उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से एसएनसीयू के डॉक्टर और नर्सें उसकी देखभाल कर रहे थे। बच्ची का नाम अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने आध्या रखा था। 29 दिन तक उसकी देखभाल करने के बाद शनिवार को उसे शिशु गृह भेजा गया। बच्ची को विदा करते समय नर्सों की आंखों में आंसू आ गए। डॉक्टर दीपक दुगाया ने बताया कि जन्म के समय बच्ची का वजन 2 किलो 200 ग्राम था। अब उसका वजन बढ़कर 2 किलो 300 ग्राम हो गया है। वह पूरी तरह स्वस्थ है और उसे ऊपर का दूध दिया जा रहा है। बच्ची के कपड़े, डायपर, दूध की बोतल और दूसरी जरूरी चीजें लेकर सिस्टर शिवानी नागले, आया राधिका धुर्वे और महिला आरक्षक वैशाली परस्ते उसे शिशु गृह छोड़ने गईं।
दो महीने बाद गोद लेने की प्रक्रिया शुरू होगी
बाल कल्याण समिति के सदस्य विक्रमादित्य टांक ने बताया कि बच्ची के दो महीने की होने पर उसकी जानकारी सीएआरए की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने वाले परिवार को बच्ची गोद दी जा सकेगी। बच्ची को गोद लेने के लिए अब तक कई परिवार इच्छा जता चुके हैं।
नाली के किनारे मिली थी बच्ची
22 अक्टूबर की शाम जिला अस्पताल के पास एक नवजात बच्ची नाली के किनारे पड़ी मिली थी। पास में दो बाइक खड़ी थीं। बताया गया कि बच्ची को उन्हीं की आड़ में छोड़ा गया था। उसके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जांच में पता चला कि बच्ची का जन्म उसी दिन जिला अस्पताल में हुआ था। उसे जन्म देने वाली युवती और उसकी मां उसे वहां छोड़कर गई थीं। पुलिस ने दोनों को तलाश लिया था। पूछताछ में युवती ने बताया था कि उसकी सगाई हो चुकी है। उसे डर था कि बच्ची के जन्म की बात सामने आने पर उसकी सगाई टूट सकती है। इसी डर से उसने अपनी मां के साथ बच्ची को सड़क किनारे छोड़ दिया था। वह पास में खड़े होकर यह भी देख रही थी कि कोई बच्ची को उठाता है या नहीं।  बच्ची की मां ने पुलिस और बाल कल्याण समिति के सामने उसका पालन-पोषण करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी बाल कल्याण समिति के पास आ गई। बच्ची को गोद लेने के लिए कई परिवारों ने पुलिस और मीडिया से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया की जानकारी मांगी है। इनमें एक शिक्षक भी शामिल हैं।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply