Skip to content
Saturday, 21 November 2026
हरदा

संत नामदेव महाराज की 756वीं जयंती पर निकला चल समारोह

2 min read
34 1

 

35 1
-नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
-विठ्ठल मंदिर में हवन-पूजन के बाद निकली शोभायात्रा
-जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

अनोखा तीर, हरदा। शहर में शुक्रवार को देवउठनी ग्यारस के अवसर पर संत शिरोमणि नामदेव महाराज की 756वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। जैसानी चौक के समीप स्थित विठ्ठल मंदिर में सर्व नामदेव समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे संत नामदेव महाराज की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई। समाजजनों ने हवन में आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद महाआरती और प्रसादी वितरण किया गया। मंदिर से संत नामदेव महाराज का भव्य चल समारोह निकाला गया, जो जैसानी चौक, टांक बंधु चौराहा, पोस्ट ऑफिस, चांडक चौराहा और घंटाघर होते हुए पुन: विठ्ठल मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। बैंड-बाजों और भजनों की धुन पर समाजजन नाचते-गाते हुए चल रहे थे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र जनोरिया ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा। पूर्व अध्यक्ष नारायण नामदेव ने समाज की वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं नवागत अध्यक्ष प्रमोद बोरसे ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह एक-एक मोती से माला बनती है, उसी तरह समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जुड़ने से संगठन मजबूत  होता है। मीडिया प्रभारी नारायण नामदेव ने समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने नशामुक्त समाज बनाने, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राहक पंचायत द्वारा नामदेव समाज के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। संभागीय अध्यक्ष देवेंद्र जनोरिया को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज के वरिष्ठजनों का पुष्पमाला एवं शाल से सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम का आभार नीरज नामदेव ने व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply