Skip to content
Saturday, 21 November 2026
हरदा

स्टेडियम का नाम बदलने का प्रयास निंदनीय

2 min read
09 8

-नेहरू की विरासत से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी

अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा 22 नवम्बर को आयोजित प्रस्तावित युवा पथ संचलन के प्रचार-प्रसार हेतु जारी किए गए पोस्टर में कार्यक्रम स्थल के रूप में वीर सावरकर स्टेडियम, हरदा अंकित किया गया है। जबकि वर्षों से उक्त स्थान को नेहरू स्टेडियम के नाम से जाना जाता है। इस प्रकार शासकीय संपत्ति के नाम में परिवर्तन प्रदर्शित करना अत्यंत निंदनीय एवं आपत्तिजनक है। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी हरदा के प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यदि किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा स्टेडियम का नाम परिवर्तन नहीं किया गया है, तो किसी भी संगठन द्वारा अपने प्रचार सामग्री में मनमाने ढंग से नया नाम प्रकाशित करना न केवल भ्रम फैलाने वाला है, बल्कि सार्वजनिक अभिलेखों एवं शासकीय संस्थाओं की गरिमा के साथ छेड़छाड़ भी है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सीधा सवाल किया है कि क्या नगर पालिका परिषद द्वारा नेहरू स्टेडियम का नाम बदलने संबंधी कोई प्रस्ताव पारित किया गया है? यदि ऐसा कोई प्रस्ताव पारित किया गया है तो उसे तत्काल सार्वजनिक किया जाए। यदि ऐसा कोई प्रस्ताव अस्तित्व में नहीं है, तो शासकीय संपत्ति के नाम में अनधिकृत परिवर्तन प्रदर्शित करने के मामले में संबंधित संगठन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाए। आदित्य गार्गव ने कहा कि यह प्रयास केवल एक स्टेडियम के नाम का विषय नहीं है, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माता, देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक पंडित जवाहरलाल नेहरू की ऐतिहासिक विरासत को कमजोर करने का सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की किसी भी छेड़छाड़ को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने जिला कलेक्टर से भी इस पूरे मामले में तत्काल संज्ञान लेकर तथ्य स्पष्ट करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी संगठन शासकीय संपत्तियों के नामों के साथ मनमानी न कर सके।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply