
-मंदिर के पांच वर्ष पूर्ण होने पर धूमधाम से मना जन्मोत्सव
अनोखा तीर, हरदा। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रताप सिटी कॉलोनी स्थित हरदा नरेश खाटू श्याम धाम मंदिर में बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंदिर स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस उत्सव में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, वहीं दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाए गए फूलों से बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में राजस्थान के खाटू धाम की तर्ज पर आकर्षक तोरण द्वार बनाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों में तोरण द्वार के साथ फोटो खिंचवाने का उत्साह भी देखने को मिला। इस अवसर पर केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद सैकड़ों दीपों से भव्य महाआरती की गई। बाबा को 56 प्रकार के व्यंजनों का सवामणी भोग अर्पित किया गया। वहीं श्याम भक्तों के सहयोग से खिचड़ी एवं फलों के चलित भंडारे का आयोजन भी किया गया। पंडित जी ने बाबा श्याम की महिमा बताते हुए कहा कि महाभारत काल में वीर बर्बरीक ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना शीश दान किया था। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया था। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी के दिन ही खाटू में बाबा का शीश प्रकट हुआ था। रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंजता रहा।







