-एलबीएस महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लहराया परचम
अनोखा तीर, हरदा। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय हरदा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय का गौरव बढ़ा है। वाद-विवाद प्रतियोगिता (हिंदी विपक्ष) में बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा अन्वेषा अतुल जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंग्रेजी वाग्मिता प्रतियोगिता में छात्र प्रांजल देवेंद्र परदेशी प्रथम रहे। दोनों विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। इसके अलावा रंगोली प्रतियोगिता में प्रतीक्षा प्रवीण चौरसिया और चित्रकला (स्पॉट पेंटिंग) में सेवन्ती कर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समूह गायन (भारतीय) और समूह नृत्य (लोक नृत्य) में भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं एकल गायन (सुगम) में ऋषिका गुर्जर, कोलाज प्रतियोगिता में खुशबू और क्ले मॉडलिंग में वेदिका इरपाचे ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खरे ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। महाविद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।







