Skip to content
Saturday, 21 November 2026
हरदा

बोर भाजी, आंवला उठो देव सांवला…

2 min read
29 5

-गन्ने की झोपड़ी सजाकर किया भगवान विष्णु का पूजन  
-चार माह की योग निद्रा से जागे हरि, देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

अनोखा तीर, मसनगांव। कार्तिक माह की देवउठनी एकादशी पर परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ भगवान हरि विष्णु को योग निद्रा से जगाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के सामने गन्ने की झोपड़ियां सजाकर भगवान शालिग्राम और तुलसी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने बोर भाजी, आंवला उठो देव सांवला की पारंपरिक मंगल ध्वनि के साथ भगवान विष्णु को जगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने झोपड़ी के फेरे लगाते हुए जल चढ़ाकर ताली बजाई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष के देव शयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। मान्यता है कि इस दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव के हाथों में रहता है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही पुन: सृष्टि के संचालन का कार्यभार हरि संभालते हैं। इसी के साथ विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक और शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। पंडित योगेश तिवारी ने बताया कि चार माह की योग निद्रा के बाद देवउठनी एकादशी से भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व है। दीपावली के बाद आने वाली इस एकादशी से शुभ कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाता है। चातुर्मास के दौरान रुके धार्मिक और मांगलिक आयोजनों की भी शुरुआत होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी का त्यौहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply