-सर्वर और ई-केवाईसी बनी बाधा, भुगतान नहीं होने से नहीं हो रही रजिस्ट्री
-समग्र पोर्टल ठप, आधार अपडेट नहीं और हितग्राही खेती-किसानी में व्यस्त
-त्योहार के बाद भी देर रात तक काम कर रहे मैदानी कर्मचारी
अनोखा तीर, हरदा। जिले में स्वामित्व योजना के तहत पट्टाधारकों की रजिस्ट्री तैयार करने का काम इन दिनों पटवारियों के लिए चुनौती बना हुआ है। एक ओर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर काम पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सर्वर की धीमी गति, भुगतान नहीं होने, पोर्टल बंद रहने, समग्र ई-केवाईसी नहीं होने और हितग्राहियों की अनुपलब्धता के कारण अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। ऐसे में मैदानी कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के बाद भी पटवारी सुबह से देर रात तक स्वामित्व रजिस्ट्री के काम में जुटे हुए हैं। कई पटवारी सुबह 7 बजे से फील्ड में निकलकर हितग्राहियों के घर पहुंच रहे हैं और रात 10 से 11 बजे तक अपने हल्कों में काम कर रहे हैं। इसके बावजूद तकनीकी और व्यवहारिक समस्याओं के कारण लक्ष्य पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
पोर्टल नहीं चलने से अटकी ई-केवाईसी
स्वामित्व रजिस्ट्री के लिए हितग्राहियों की समग्र आईडी और आधार ई-केवाईसी आवश्यक है, लेकिन पंचायत विभाग का समग्र पोर्टल कई बार बंद रहने और सर्वर धीमा चलने के कारण ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। इसके चलते रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। स्वामित्व योजना का पोर्टल भी धीमी गति से काम कर रहा है, जिससे कर्मचारियों को बार-बार प्रयास करने के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं।
खेती-किसानी और त्योहारों में व्यस्त हितग्राही
वर्तमान समय खेती-किसानी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। किसान बोनी और अन्य कृषि कार्यों में व्यस्त हैं। त्योहारों के चलते भी कई पट्टाधारक अपने कामों में लगे हैं और रजिस्ट्री संबंधी प्रक्रिया के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। ऐसे में पटवारी और कोटवार दिन में कई बार हितग्राहियों के घर पहुंचकर उन्हें ई-केवाईसी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के लिए समझाइश दे रहे हैं।
आधार और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं, कई हितग्राही बाहर
कई हितग्राहियों के आधार कार्ड अपडेट नहीं हैं, जबकि कुछ के मोबाइल नंबर वर्षों पुराने हैं और अब बंद हो चुके हैं। ऐसे मामलों में ई-केवाईसी पूरी करना मुश्किल हो रहा है। कुछ पट्टाधारक पढ़ाई, नौकरी, व्यापार और मजदूरी के सिलसिले में दूसरे शहरों या राज्यों में चले गए हैं। उनकी अनुपस्थिति के कारण भी स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधूरी रह रही है।
तकनीकी समस्या का समाधान नहीं, कर्मचारियों पर बढ़ रहा मानसिक दबाव
मैदानी कर्मचारियों का कहना है कि पोर्टल और सर्वर की समस्याओं के साथ हितग्राहियों की अनुपलब्धता जैसी परिस्थितियों में काम की गति प्रभावित होना स्वाभाविक है। इसके बावजूद प्रतिदिन लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जनपद पंचायत स्तर से आवश्यक सहयोग नहीं मिलने और तकनीकी समस्याओं का समाधान नहीं होने से पटवारियों की परेशानी बढ़ रही है। कर्मचारियों को देर रात तक काम करना पड़ रहा है। सुबह से फील्ड में रहने के बाद रात तक लक्ष्य पूरा करने की कोशिश में वे मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि तकनीकी बाधाओं, हितग्राहियों की वास्तविक स्थिति और समय की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य निर्धारित किए जाएं, ताकि काम व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।
समस्याओं का समाधान जरूरी
जिले में स्वामित्व योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए केवल मैदानी कर्मचारियों पर दबाव बनाने के बजाय समग्र पोर्टल और स्वामित्व पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का समाधान, सर्वर की गति सुधारने, जनपद पंचायत स्तर से समन्वय और हितग्राहियों को ई-केवाईसी के लिए सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। कर्मचारियों का मानना है कि इन बाधाओं को दूर किए बिना लक्ष्य पूरा करने के निर्देश देना जमीनी स्तर पर मुश्किलों को और बढ़ा रहा है।







