Skip to content
Monday, 16 November 2026
हरदा

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई

3 min read
26
Text Size:

 

24 3
-जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित
-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, जनजातीय क्रांतिकारियों के योगदान को किया याद

अनोखा तीर, हरदा। धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय समारोह पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, हरदा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।  कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत, नगर पालिका अध्यक्ष टिमरनी देवेंद्र भारद्वाज, नगर पालिका उपाध्यक्ष हरदा अंशुल गोयल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, एसडीएम हरदा शैलेंद्र बड़ोनिया, जिला संयोजक प्रमोद माथुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि बिरसा मुंडा सहित जनजातीय क्रांतिकारियों का देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के कल्याण एवं उत्थान के लिए अनेक योजनाएं और कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए छात्रावासों की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, गणवेश, साइकिल तथा प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। सिविल सेवा परीक्षाओं में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। इसके अलावा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में अनुसूचित जनजाति पोस्ट मैट्रिक बालक एवं बालिका छात्रावास तथा सीनियर बालिका छात्रावास के विद्यार्थियों ने जनजातीय लोक संस्कृति एवं लोक नृत्यों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।  कार्यक्रम में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना गया। इसके पश्चात ग्राम डही, जिला धार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव का उद्बोधन सुना गया।
बांस शिल्प एवं स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई
समारोह स्थल पर आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। वन विभाग द्वारा एक जिला-एक उत्पाद के अंतर्गत बांस शिल्प की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही जनजातीय कार्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply