Skip to content
Monday, 16 November 2026
हरदा

न्याय के लिए दौड़े 300 से अधिक प्रतिभागी, मैराथन से दिया विधिक जागरूकता का संदेश

3 min read
16 3
Text Size:

 

15 4
-जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आयोजित की मैराथन और जागरूकता प्रदर्शनी
-विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से किया सम्मानित
अनोखा तीर, हरदा। आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निशुल्क विधिक सहायता और नालसा की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा द्वारा रविवार को मैराथन दौड़ एवं विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ‘न्याय के लिए दौड़- विधिक जागरूकता की ओर प्रत्येक कदमÓ थीम पर आयोजित इस मैराथन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन में पुलिस, यातायात, स्वास्थ्य एवं खेल विभाग का सहयोग रहा। इसमें न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी, पैरालीगल वॉलेंटियर्स और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने विधिक जागरूकता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने वाली सेवाओं और नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
विभिन्न वर्गों में विजेताओं को किया सम्मानित
मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। न्यायिक अधिकारी श्रेणी में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी संजीव राहंगडाले ने प्रथम, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश निमिष राजा ने द्वितीय तथा प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। न्यायालयीन कर्मचारी श्रेणी में धर्मेंद्र सूर्यवंशी प्रथम, अशोक उपाध्याय द्वितीय और रूपेंद्र वंशकार तृतीय स्थान पर रहे। डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अनीस मोहम्मद खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में रीना तिवारी प्रथम रहीं। पैरालीगल वॉलेंटियर पुरुष वर्ग में दीपेंद्र कुमार तथा महिला वर्ग में सायरा खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्कूल के विद्यार्थियों के पुरुष वर्ग में अंकेश प्रथम, महेश द्वितीय और अखिलेश तृतीय रहे। वहीं महिला वर्ग में झलक जाट प्रथम, संस्कृति कनौजिया द्वितीय और योगिता तृतीय स्थान पर रहीं। न्यायिक अधिकारियों के परिवार की श्रेणी में संस्कृति चौधरी एवं मनस्व मोहन राजा ने प्रथम तथा मनीषा राजा एवं अविका राठौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विधिक योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर दी जानकारी
मैराथन के बाद राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें योजनाओं से संबंधित बैनर, पंपलेट और पुस्तकों के माध्यम से आमजन को विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने जागरूकता स्टॉल पर पहुंचने वाले लोगों को योजनाओं के बारे में बताया और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान पंपलेट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधीर कुमार चौधरी, विशेष न्यायाधीश जयदीप सिंह, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश निमिष राजा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर राठौर, न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित मालवीय एवं संजीव राहंगडाले, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा सहित अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारी, पैरालीगल वॉलेंटियर्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ दुबे ने किया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply