-शिक्षा, संघर्ष और अनुशासन का महत्व बताकर विद्यार्थियों को किया प्रेरित
अनोखा तीर, हरदा। वैदिक स्कूल की विशेष शैक्षणिक पहल ‘अनुभव की पाठशाला के तहत विनीता तिवारी ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने बचपन, शिक्षा, खेलकूद, जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का महत्व समझाया। विनीता तिवारी ने बताया कि बचपन से ही उनकी पढ़ाई में विशेष रुचि थी और वे कबड्डी की खिलाड़ी भी रही हैं। उस समय ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की सुविधाएं सीमित थीं। उनके गांव में पांचवीं तक ही स्कूल था। आगे की पढ़ाई के लिए उन्हें करीब पांच किलोमीटर दूर साइकिल से जाना पड़ता था। आठवीं के बाद विद्यालय की दूरी लगभग 20 किलोमीटर होने के कारण वे आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख सकीं। उन्होंने कहा कि यदि उस समय आगे पढ़ने का अवसर मिलता तो संभवत: वे आज किसी सरकारी सेवा में होतीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के अवसरों का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने के नए रास्ते खोलती है। अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बैलगाड़ी से लेकर स्वयं गाड़ी चलाने तक के सफर को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बैलगाड़ी ही आवागमन का प्रमुख साधन हुआ करती थी और स्वयं की गाड़ी होने की कल्पना भी नहीं थी। आज अपने दम पर गाड़ी चलाना उनके लिए किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है।
11 वर्षों से वैदिक स्कूल से जुड़ा परिवार
विनीता तिवारी ने बताया कि उनके बच्चे पिछले करीब 11 वर्षों से वैदिक स्कूल में अध्ययन कर रहे हैं। विद्यालय में आने के बाद बच्चों की पढ़ाई और प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। यहां आधुनिक शिक्षा के साथ अंग्रेजी, धार्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा, योग और प्राणायाम का भी ज्ञान दिया जाता है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली तिवारी ने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना सराहनीय पहल है।
समय का सदुपयोग और अनुशासन सफलता की कुंजी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन बेहद जरूरी है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लिए अच्छे नियम बनाने चाहिए और उनका नियमित पालन करना चाहिए। माता-पिता एवं शिक्षकों की अच्छी बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने समय के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय का सही उपयोग करने वाला व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़कर सफलता प्राप्त कर सकता है। विद्यालय की ‘अनुभव की पाठशालाÓ पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के अनुभवी व्यक्तियों से जोड़कर उनके वास्तविक जीवन के अनुभवों से प्रेरणा देना है। इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के अवसरों का महत्व समझने, संघर्षों से सीख लेने, अनुशासन अपनाने और माता-पिता एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने की प्रेरणा मिली। वैदिक स्कूल परिवार ने विनीता तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।







