अनोखा तीर, हरदा। महान आदिवासी जननायक, स्वतंत्रता सेनानी एवं सामाजिक क्रंति के प्रतीक बिरसा मुंडा की जयंती मूलनिवासी संघ के तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता से उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आदिवासी समाज, वाल्मीकि समाज, अहिरवार समाज, कतिया समाज, शिक्षक समिति, अजाक्स संगठन तथा मूल निवासी संघ सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मूल निवासी संघ के जिला प्रभारी कालीराम बोरगे ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन, सामाजिक स्वाभिमान और मूलनिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा का संघर्ष था। आज उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए समाज को शिक्षित, जागरूक और संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक बिखराव को समाप्त कर साझा सामाजिक आंदोलन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। अजय ओंकार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज से अपील की कि महापुरुषों की जयंती केवल उत्सव तक सीमित न रहे, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में काम किया जाए। अजाक्स संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील चौरे ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा, जागरूकता और संगठन की मजबूती से ही संभव है। महापुरुषों के संघर्ष और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सामाजिक संगठनों को आपसी समन्वय के साथ समाज के वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में मूल निवासी संघ के जिलाध्यक्ष ओ.पी. देवहर एवं महेश चौरे, आर.डी. चोलकर, प्रेमनारायण इवने, दुर्गेश राठौर, अर्जुन राठौर, आनंद किरावद, सदाशिव पवार, महेश नागराज, रामसिंह गनौरे सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर दुर्गेश राठौर ने वाल्मीकि समाज का प्रतिनिधित्व किया, वहीं अहिरवार समाज की ओर से रामसिंह गनौर एवं अर्जुन राठौर ने सहभागिता की। कार्यक्रम में शिक्षक समिति, मूल निवासी संघ एवं अजाक्स संगठन के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रभु दयाल उमरिया ने किया। इस अवसर पर देवेश्वर दुधे, बी.पी. चौरसिया, गणपत चौरसिया, चम्पालाल बिलारे सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य संदेश सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन, समानता, बंधुत्व और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता रहा।
मूलनिवासी संघ के तत्वावधान में मनाई बिरसा मुंडा जयंती

Text Size:
0 Views
What do you think?






