-सोडलपुर में एकीकृत कृषि प्रणाली एवं जैविक खेती का अवलोकन
-नौसर में बायो रिसोर्स सेंटर का किया निरीक्षण
अनोखा तीर, हरदा। संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल उमाशंकर भार्गव ने शुक्रवार को हरदा जिले का भ्रमण कर कृषि विभाग की विभिन्न गतिविधियों, कृषि नवाचारों एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित एकीकृत कृषि प्रणाली, जैविक खेती, कृषि प्रसंस्करण और जैव संसाधन प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान संचालक भार्गव सबसे पहले ग्राम सोडलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रगतिशील कृषक चिन्मय गद्रे के कृषि फार्म का निरीक्षण किया। उन्होंने फार्म पर संचालित एकीकृत कृषि प्रणाली, जैविक खेती एवं कृषि प्रसंस्करण संयंत्र की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कृषि उत्पादन के साथ प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के प्रयासों को देखा तथा कृषि के विभिन्न घटकों के समन्वय से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की पहल की सराहना की। इसके बाद उन्होंने ग्राम नौसर में कृषक नारायण पटवारे द्वारा संचालित बायो रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जैव संसाधनों के उपयोग, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि आधारित संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संचालक भार्गव ने भ्रमण के दौरान डबल लॉक केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक, किसानों को उर्वरक वितरण की प्रक्रिया तथा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि प्रकाश ठाकुर, परियोजना संचालक आत्मा पी.एस. निगवाल एवं सहायक संचालक कृषि भगवत सिंह उपस्थित रहे।




