-1 नवंबर को होंगे नि:शुल्क ट्रायल
अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय शिखर क्रिकेट अकादमी द्वारा हरदा में पहली बार प्रथम डे-नाइट शिखर क्रिकेट लीग का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जिले के उन सभी प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिन्हें अब तक अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मंच नहीं मिल सका है। अकादमी की समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस प्रतिष्ठित लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। चयन ट्रायल आगामी 1 नवंबर को सुबह 8 बजे से शिखर क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर शुरू होंगे। इस ट्रायल में हरदा जिले के वे सभी युवा खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनकी उम्र 15 वर्ष तक है। ट्रायल देने आने वाले सभी खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से व्हाइट किट (सफेद जर्सी और लोअर) में आना होगा। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ट्रायल पूरी तरह से नि:शुल्क रखा गया है। इसके साथ ही लीग में चुनी जाने वाली टीमों के लिए भी कोई प्रवेश शुल्क नहीं ली जाएगी। ट्रायल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर कुल 3 टीमों का गठन किया जाएगा और 5 मैच खेले जाएंगे। विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इन चुनी हुई टीमों के बीच पहला मुकाबला 11 नवंबर को शाम 4 बजे शिखर क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर पिंक लेदर बॉल से खेला जाएगा, जो कि डे-नाइट फॉर्मेट में होगा। इस पूरी लीग के दौरान उत्कृष्ट और शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन चुनी हुई प्रतिभाओं को भोपाल में आयोजित होने वाले बड़े स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट में हरदा का प्रतिनिधित्व करने और भाग लेने का बड़ा अवसर मिलेगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शिखर क्रिकेट अकादमी की समिति के संचालक, संरक्षक व मुख्य कोच सौरभ शर्मा, सहायक कोच चंदन सांगुले, शुभम ढोके, दिगंबर एवं हेमलता विशेष रूप से जुटे हुए हैं। समिति ने जिले के सभी योग्य युवा खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में समय पर पहुंचकर इस नि:शुल्क ट्रायल का लाभ उठाने की अपील की है।



