अनोखा तीर, हरदा। जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के बघवाड़ गांव के पास गुरुवार को गंजाल नदी में अवैध रेत खनन करते एक ट्रैक्टर को वन विभाग की टीम ने जब्त किया है। एमपी 47 एचडी 8562 नंबर के इस ट्रैक्टर को टिमरनी थाने लाकर राजस्व विभाग को सौंप दिया गया। वन विभाग के नाकेदार ताराचंद चौरसिया ने बताया कि वन परिक्षेत्र में गंजाल नदी से अवैध रेत खनन की जानकारी मिली थी। मौके पर बघवाड़ निवासी अकरम अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरता मिला। हालांकि कोई आरोपी पकड़ा नहीं जा सका।
प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहा सिलसिला
वन विभाग की टीम ने 22 अक्टूबर को मौके पर पंचनामा बनाकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में टेमागांव डिप्टी रेंजर ताराचंद चौरसिया, मांगीलाल चावड़े (डिप्टी रेंजर झाड़बीड़ा) और बीट गार्ड मनीषा उईके (बघवाड़) शामिल थे। वन सुरक्षा समिति बघवाड़ की भी अहम भूमिका रही। जिले में रेत खनन पर प्रतिबंध के बावजूद रेत माफिया लगातार खनन कर रहे हैं। खनन विभाग भी इस पर खास कार्रवाई नहीं करता।
गंजाल नदी में अवैध रेत खनन करते ट्रैक्टर जब्त




