-कलेक्ट्रेट में स्वछता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
-नाजिर और नकल शाखा प्रभारी को कारण बताओ नोटिस
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं पाए जाने पर नाजिर शाखा के प्रभारी तथा नकल शाखा से संबंधित प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र, अपर कलेक्टर कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, भू-अभिलेख, आदिम जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, जनगणना, नागरिक आपूर्ति, आबकारी, जिला शिक्षा केंद्र, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, निर्वाचन शाखा, जिला कोषालय, उप पंजीयक कार्यालय, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर नाजिर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, नकल शाखा में फोटोकॉपी मशीन उपलब्ध नहीं होने और अभिलेखों की फोटोकॉपी बाहर की दुकानों से कराए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कार्यों में पारदर्शिता एवं सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने तथा उप पंजीयक कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से दर्ज कराने, अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने तथा कार्यस्थलों पर स्वछता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर सत्यम ने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।






