-पुलिस परिजनों की तलाश में जुटी
-रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
-सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, बच्ची अस्पताल में भर्ती
अनोखा तीर, हरदा। शहर के जिला अस्पताल के समीप गुरुवार शाम एक नवजात बच्ची के लावारिस हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अस्पताल चौक पर जिला अस्पताल से करीब 100 मीटर की दूरी पर तीन से चार दिन की नवजात बच्ची मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान उसकी ओर गया। इसके बाद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात बच्ची को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. जान्हवी सुरमा ने बताया कि नवजात की उम्र लगभग तीन से चार दिन है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। फिलहाल बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में पीआईसीयू में भर्ती किया गया है।
सीसीटीवी कैमरों से सुराग जुटा रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने बच्ची को लावारिस हालत में छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि अस्पताल चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
अस्पताल से मिले कपड़ों के आधार पर भी जांच
पुलिस के अनुसार नवजात बच्ची के शरीर पर मिले कपड़े जिला अस्पताल में दिए जाने वाले कपड़ों जैसे हैं। ऐसे में पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। अस्पताल से संबंधित जानकारी जुटाकर बच्ची के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में अस्पताल चौक पर छोड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इतनी कम उम्र की बच्ची के लावारिस मिलने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।






