
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देशानुसार तहसील हरदा के ग्राम रन्हाई कला में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा त्वरित संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण पाया गया, जिस पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी शैलेंद्र बैड़ोनिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शालिनी परस्ते, तहसीलदार हरदा महेंद्र चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी हरदा एवं स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में अवैध पटाखा निर्माण, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






