अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी किसानों ने हरदा पहुंचकर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। भाजपा सोशल मीडिया हरदा विधानसभा सह संयोजक आशुतोष पाराशर ने बताया कि रहटगांव तहसील की ग्राम पंचायत बोरी के आदिवासी किसान मांगीलाल, रामस्वरूप, दुलाराम, समशेर सिंह, नारायण, भोदी सिंह, कल्लू, रमेश, तुलसीराम, सुतलाल, जगदीश, रामप्रसाद, मोजीलाल, मुनेलाल आदि ने अपनी समस्याएं बताईं। किसानों ने बताया कि ग्राम बोरी में अधिकांश आदिवासी परिवार खेती पर निर्भर हैं। इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण मक्का, धान और सोयाबीन की पूरी फसल नष्ट हो गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने मांग की कि ग्राम बोरी में फसलों का तत्काल सर्वे कराकर खराब हुई फसलों का मुआवजा दिलाया जाए। किसान नारायण पिता ज्ञानसिंह ने बताया कि उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित राजाबरारी में खाता खुलवाया था, लेकिन खाता खुलने के बाद भी उन्हें सोसायटी से खाद नहीं मिल रहा है, जिससे बुआई प्रभावित हो रही है। उनके साथ 10 से 15 किसान और हैं, जिनका खाता राजाबरारी सोसायटी में होने के बाद भी खाद नहीं मिल रहा है। उन्होंने समय पर बुआई के लिए खाद दिलाने की मांग की। आदिवासी किसानों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर किसानों की खराब हुई फसलों का सर्वे कर उचित मुआवजा देने, यदि फसलों का बीमा है तो फसल बीमा योजना का लाभ देने एवं सोसायटी से खाद वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अल्पवर्षा से तबाह हुई आदिवासी किसानों की फसलें, सोसायटी से खाद भी नहीं मिली

Text Size:
0 Views
What do you think?






