Skip to content
Wednesday, 14 October 2026
हरदा

भयमुक्त नगर पुलिस की पहली प्राथमिकता

3 min read
14 3 5
Text Size:

-व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील
-त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। शहर में लगातार चल रहे त्योहारों के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारी समाज, प्रबुद्ध वर्ग और सिंधी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक शशांक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने विगत दिनों सिंधी समाज के युवकों के साथ हुए विवाद के संबंध में प्राथमिकता से कठोर कार्रवाई करने और शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने का अनुरोध किया। पुलिस अधीक्षक शशांक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि भयमुक्त समाज और नगर का निर्माण पुलिस की पहली प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए दुर्गा उत्सव और गरबा स्थलों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील
बैठक के दौरान शहर के प्रमुख और चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की पहल पर प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक सहयोग देने पर सहमति जताई। पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। साथ ही एक कैमरा सड़क की ओर भी रखें, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी जुटाने और जांच में मदद मिल सके। पुलिस प्रशासन ने सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों की समितियों से भी गरबा सहित अन्य कार्यक्रमों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
व्यापारियों ने एमडीआर शुल्क स्थगित करने के निर्णय पर जताया आभार
इसी क्रम में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष सरगम जैन ने त्योहारी सीजन के दौरान प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को स्थगित करने के निर्णय पर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए व्यापारियों का आर्थिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। इस निर्णय से डिजिटल भुगतान प्रणाली में व्यापारियों का विश्वास बनाए रखने और समावेशी डिजिटल भारत के निर्माण में सरकार तथा व्यापारी समुदाय के बीच साझेदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी। जैन के अनुसार, कैट के प्रतिनिधिमंडल ने 30 सितंबर को वित्त मंत्री से मुलाकात कर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को स्थगित करने का आग्रह किया था।
ये रहे उपस्थित
पुलिस प्रशासन से हुई मुलाकात के दौरान व्यापारी संघ कैट के जिलाध्यक्ष सरगम जैन, स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधि रविलाल पटेल, नरेंद्र राठी, जिला संयोजक डॉ. एल.एन. पाराशर, हिंदू उत्सव समिति से मुन्नालाल धनगर और सौरव तिवारी, सिंधी समाज से नंदलाल तेजवानी, सुरेश विधानी, सुरेश रमानी, नगर पालिका एल्डरमैन नवीन असरानी, कन्हैया धमनानी, मनोज केसवानी और जयपाल धमेजा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply