-मामला : हरदा मंडी का
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में मंगलवार सुबह घरेलू गैस सिलेंडर से खाली स्कूल वैन में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी वैन जलकर खाक हो गई। इसकी चपेट में मंडी की एक दुकान में रखा सामान भी जल गया। घटना के दौरान वैन खाली थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान वैन का चालक मौके से भाग गया। मंडी प्रशासन ने वैन और सिलेंडर पुलिस को सौंपे। प्रत्यक्षदर्शी अशोक राठौर ने बताया कि घटना उनके ऑफिस के पीछे हुई। मंडी प्रशासन ने पंचनामा बनाकर वैन और सिलेंडर पुलिस को सौंप दिए हैं। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है।







