-बालक वर्ग में भोपाल को 11 अंकों से हराया
-बालिका वर्ग में इंदौर संभाग बना विजेता
अनोखा तीर, हरदा। 70वीं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के पांच दिवसीय आयोजन का बुधवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में मेजबान नर्मदापुरम ने भोपाल संभाग को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में इंदौर संभाग विजेता रहा। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में जबलपुर संभाग और इंदौर संभाग के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इंदौर संभाग ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 50-34 से जीत लिया। इंदौर ने 16 अंकों की बढ़त के साथ प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में इंदौर संभाग प्रथम, जबलपुर संभाग द्वितीय तथा हार्डलाइन मुकाबला जीतकर ग्वालियर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला भोपाल संभाग और नर्मदापुरम संभाग के बीच हुआ। मेजबान टीम के खिलाड़ियों ने रणनीति, संयम और बेहतर आपसी समन्वय के साथ खेलते हुए 59 अंक हासिल किए, जबकि भोपाल संभाग की टीम 48 अंक ही बना सकी। नर्मदापुरम ने 11 अंकों की बढ़त से मुकाबला जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में नर्मदापुरम प्रथम, भोपाल संभाग द्वितीय तथा हार्डलाइन मुकाबला जीतकर इंदौर संभाग तृतीय स्थान पर रहा।
विजेता टीमों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पूर्व मंत्री कमल पटेल, अंतरराष्ट्रीय निर्णायक जगदीश शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत एवं खेल प्रकोष्ठ अध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल ने विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट ने प्रस्तुत किया।
निर्णायकों और सहयोगियों का रहा योगदान
पांच दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पर्यवेक्षक योगेश विश्नोई, मंगल सिंह यादव एवं रामजीवन गोदारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रो कबड्डी के निर्णायकों जगदीश शर्मा, दिलीप सिंह, बृजेश वागोरा, अरुण राजपूत, कन्हैयालाल विश्नोई, सुरेश बघेल, गिरिजा शंकर राजपूत, निकहत शाह, राजनंदनी धनोरे, आरती भिलाला, सेवंती कलमे, मोनिका चंदेल, सिमरन अग्रवाल, ओपी वर्मा, नेमीचंद विश्नोई, जीपी गौर, संतोष मालवीय, जितेंद्र जाट, अख्तर अहमद, मोहित अवस्थी, राजकुमार गौर, राहुल कुशवाहा, प्रशांत आर्य, नरेंद्र बाबरिया एवं प्रहलाद जाट सहित अन्य सहयोगियों के समन्वय से प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ।





