-नर्मदा घाटों पर रहेगी प्रशासन की तीसरी आंख से नजर
अनोखा तीर, हंडिया। नर्मदा के पावन तटों पर लगने वाले भूतड़ी अमावस्या के दो दिवसीय मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को हंडिया तहसील परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ चर्चा की गई। बैठक में हंडिया तहसीलदार पूजा भाटी, जिला प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत, हंडिया थाना प्रभारी आरपी कवरेती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान नागरिकों ने नर्मदा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैली कीचड़ और गंदगी के ढेर का मुद्दा उठाते हुए तहसीलदार का ध्यान आकर्षित कराया। नागरिकों ने बताया कि अमावस्या मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए पहुंचेंगे, ऐसे में घाटों की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त किया जाना आवश्यक है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार पूजा भाटी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों के आसपास जमा गंदगी और कीचड़ हटाने के निर्देश दिए। मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया।





