
-श्रोताओं ने जमकर उठाया हास्य-व्यंग्य और वीर रस का आनंद
अनोखा तीर, हरदा। पूर्व कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल पटेल के जन्मदिन के अवसर पर कमल सांस्कृतिक मंच हरदा द्वारा आयोजित अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन देर रात से लेकर सुबह 4 बजे तक चला। मिडिल स्कूल मैदान में आयोजित कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रोता पहुंचे और देशभर से आए प्रसिद्ध कवियों की शानदार प्रस्तुतियों का देर रात तक आनंद लिया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ देश के सुप्रसिद्ध मंच संचालक डॉ. आदित्य जैन ने किया। श्रृंगार रस की कवयित्री प्रीति पांडे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद हास्य कवि सौरभ जायसवाल ने अपनी हास्य कविताओं और चुटीली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। वीर रस के कवि मोहित सक्सेना ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से माहौल में जोश भर दिया। उनकी कविता धरती महतारी है, प्राणों से प्यारी है को श्रोताओं ने खूब सराहा। हास्य कवि पार्थ नवीन ने अपनी पैरोडी चिंता का त से दर्शकों को खूब हंसाया, वहीं मुन्ना बैटरी ने अपने खास अंदाज में हास्य प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को लोटपोट कर दिया। श्रृंगार रस की कवयित्री अंशु प्रिया दुबे के गीतों ने भी खूब समां बांधा। उनके गीत उम्र ये तुम्हारी है, जिंदगियां बनाने की पर जमकर तालियां बजीं। देश के सुप्रसिद्ध गीतकार डॉ. राजीव राज ने अपने लोकप्रिय गीत यादें-यादें झीनी रे झीनी और मोबाइल से आज मेरी बात हो गई की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। हास्य कवि हरीश हिंदुस्तानी ने भी अपनी रचनाओं से खूब मनोरंजन किया। वहीं मंच संचालक डॉ. आदित्य जैन ने अपनी पैरोडी जलवा है जलवा सहित महाभारत पर आधारित प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं से संवाद किया और पूर्व मंत्री कमल पटेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अपने जन्मदिन पर कमल पटेल ने कहा कि हरदा का विकास उनका सपना है। सेवा का जो संकल्प उन्होंने लिया है, उसके लिए वे प्रतिबद्ध हैं। जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि वे हर समय जनता के साथ खड़े हैं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेडिया, देवी सिंह सांखला, सचिव संजय अग्रवाल चिंटू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में कमल सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष संदीप पटेल ने सभी कवियों, अतिथियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। देर रात से सुबह तक चले इस कवि सम्मेलन ने हरदा की सांस्कृतिक और साहित्यिक शाम को यादगार बना दिया।





