अनोखा तीर, हरदा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन की प्रक्रिया शुरू की गई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुरूषोत्तम कुमार ने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हरदा एवं टिमरनी के निर्देशन में मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ द्वारा एसआईआर से पूर्व एवं वर्तमान में प्रचलित मतदाता सूची का मिलान कर एसआईआर के दौरान काटे गए मतदाताओं की जानकारी संकलित की जाएगी। इसके बाद बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान यदि सूची में उल्लेखित किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाने हेतु पात्र पाया जाता है, तो उसका नाम पुन: फॉर्म-6 के माध्यम से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए अब वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान करने का घोषणा पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा 01 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाता भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय अथवा तहसील कार्यालय में जमा करा सकता है। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
मतदान केन्द्र पर लगेंगे विशेष शिविर
मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के लिए 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुरूषोत्तम कुमार ने जिले के नागरिकों से इन शिविरों का लाभ लेने तथा पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की अपील की है।
मतदाता सूची के निरंतर अद्यतन के लिए घर-घर होगा सत्यापन, फॉर्म-6 से जुड़ेगा नाम

0 Views



