Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

फ्रेशर पार्टी आयोजित कर नव प्रवेशित विद्यार्थियो का किया वेलकम

2 min read

अनोखा तीर, हरदा। आदर्श महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य उमर रऊफ ने की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने, स्वयं को विकसित करने और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अपने आसपास उपलब्ध अवसरों की पहचान कर उनका सकारात्मक उपयोग करना चाहिए तथा अपने समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में ऊर्जा और उत्साह की कोई कमी नहीं होती। इस ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग ही सफलता की ओर ले जाता है। विद्यार्थी जीवन में भटकाव की संभावनाएं भी रहती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहकर सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करें, नई और उपयोगी बातें जानें तथा अपने ज्ञान का विस्तार करें। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा सोचें, सही अवसरों को पहचानें और अपने समय एवं ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। आज लिया गया सही निर्णय ही भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा गायन, नृत्य, मिमिक्री, क्विज, नुक्कड़ नाटक, रैम्प वॉक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्राध्यापिका वाणी धार्मिक एवं छात्रा प्रेरणा यादव द्वारा किया गया। अंत में महाविद्यालय में आये अतिथियों का आभार रासेयो कार्यक्रम अधिकारी तपिश सोलंकी ने व्यक्त किया तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान समस्त महाविद्यालय स्टॉफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply