हाईवे पर कुरकुरे से भरे ट्रक में लगी भीषण आग

-चालक-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-47 पर उसकली गांव के पास कुरकुरे, चिप्स और नमकीन से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही ट्रक चालक और कंडक्टर ने कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि ट्रक नागपुर से इंदौर जा रहा था। उसकली गांव के पास यह ट्रक बिजली के खंभे के नीचे खड़ा था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना मिलते ही टिमरनी से फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया। यह घटना रहटगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।
शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग का शक
बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से ट्रक में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने की वास्तविक वजह व नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

0 Views

Leave a Reply