-वार्ड स्तर पर ही नागरिकों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ
अनोखा तीर, हरदा। राज्य शासन द्वारा नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं सीधे उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अक्टूबर 2026 को हरदा जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में मेगा सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान प्रदेश में संचालित व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान(17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) का महत्वपूर्ण घटक है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर कृषकों, ग्रामीणजनों, श्रमिकों, महिलाओं, वंचित एवं कमजोर वर्गों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता से मुक्त करते हुए शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराना है।
इन स्थानों पर होंगे शिविर
हरदा जिले में 4 अक्टूबर को विकासखंड एवं नगरीय स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत हरदा अंतर्गत ग्राम मगरधा, विकासखंड टिमरनी अंतर्गत मंडी परिसर टिमरनी तथा विकासखंड खिरकिया अंतर्गत प्रगति हाईस्कूल प्रांगण खिरकिया में शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका हरदा अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर हरदा, नगर परिषद खिरकिया अंतर्गत प्रगति हाईस्कूल प्रांगण खिरकिया, नगर परिषद टिमरनी अंतर्गत मंडी प्रांगण टिमरनी तथा नगर परिषद सिराली अन्तर्गत रेनबसेरा सिराली में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का आयोजन प्रात: 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिलेगा लाभ
शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा राजस्व विभाग से संबंधित नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए पूर्व से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को सूचीबद्ध किया जाएगा। योजनाओं से वंचित शेष पात्र हितग्राहियों को चिन्हित एवं सूचीबद्ध किया जाएगा। शासन द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुरूप शेष पात्र हितग्राहियों को शिविर में ही लाभ प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। लक्षित योजनाओं में वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध शेष हितग्राहियों को क्रमबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाएगा तथा शिविर में आने वाले प्रत्येक हितग्राही का पंजीयन किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार प्रकरणों का निराकरण एवं लाभ वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
पंजीयन के लिए 3 पृथक स्टॉल
शिविरों में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए तीन पृथक पंजीयन स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। इन स्टॉलों पर दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटर नियुक्त किए गए हैं, जो हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों में त्वरित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने की शिविर में पहुंचने की अपील
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने निकटतम सेवा सेतु शिविर में उपस्थित हों तथा संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि ‘सरकार आपके द्वारÓ अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्ति को लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन द्वारा शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार के तहत लगेंगे मेगा शिविर

0 Views



