Skip to content
Sunday, 22 November 2026
हरदा

खापा बीट में ग्रामीणों और वनकर्मियों के बीच मारपीट, ७ घायल

3 min read

– वन विभाग ने कहा – रोपे गए पौधों को पहुंचा रहे थे नुकसान

अनोखा तीर, सारनी। सारनी रेंज के राजेगांव-खापा क्षेत्र में लंबे समय से वन भूमि से आवागमन कर रहे ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों के बीच शनिवार अलसुबह खेतों में जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, जबकि वन विभाग का कहना है कि ग्रामीण पौधरोपण क्षेत्र में घरेलू पशु छोड़कर रोपे गए पौधों को नुकसान पहुंचा रहे थे। जानकारी के अनुसार राजेगांव-खापा के निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से उक्त वन भूमि से होकर अपने-अपने खेतों तक आवागमन करते आ रहे हैं। शनिवार सुबह इसी आवागमन को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग की टीम के बीच विवाद हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। गौरतलब है कि उत्तर वन परिक्षेत्र के खापा बीट में शनिवार सुबह वनरक्षकों और ग्रामीणों के बीच कुल्हाड़ी और डंडे चलने की घटना सामने आई। मारपीट में दो ग्रामीणों सहित वन विभाग के कर्मचारियों समेत कुल सात लोगों के घायल होने की जानकारी है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो वनकर्मियों और एक चौकीदार को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया गया है कि वनरक्षक सुनील वट्टी के सिर, हाथ और कंधे पर कुल 21 टांके लगे हैं। वहीं चौकीदार परशुरामलाल के कंधे पर सात टांके लगाए गए हैं। वनरक्षक अभिषेक रघुवंशी के कंधे पर भी चोट आई है। जबकि संतोष, सुमर सिंह, कमल और जेठू को मामूली चोटें आने की जानकारी है। सारनी पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दो वनकर्मियों और एक चौकीदार का सीटी स्कैन भी कराया गया। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
50 हेक्टेयर में लगाया गया मिश्रित वन
वन विभाग द्वारा खापा वृत्त के खापा बीट में इसी वर्ष करीब 50 हेक्टेयर भूमि पर मिश्रित वन लगाया गया है। इसकी सुरक्षा के लिए विभाग द्वारा फेंसिंग और गेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 बजे गांव के 18 से 20 लोगों ने फेंसिंग तोड़कर रोपे गए वन क्षेत्र में प्रवेश किया और वहां पशु चराने लगे। वनकर्मियों द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर कुल्हाड़ी, लाठी सहित अन्य हथियारों से हमला किया गया। इस घटना में वन विभाग के सात लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। डिप्टी रेंजर उइके ने बताया कि वनकर्मियों पर हमला करने वाले चार लोगों की पहचान हुई है। इनमें गोरेलाल यादव, सोनू, अर्जुन और दुर्गेश शामिल हैं।
इनका कहना है
शनिवार अलसुबह ग्रामीणों द्वारा प्लांटेशन की फेंसिंग तोड़कर कुछ लोगों ने घरेलू जानवर चराने के उद्देश्य से करीब 20 जानवर नर्सरी में छोड़ दिए थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो दो लोग भाग गए। दो लोगों को पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया, जिसमें वनकर्मी और चौकीदार घायल हुए हैं। मामले की शिकायत पुलिस थाने में दी गई है।
– मनेन्द्र सिंह जैन, एसडीओ, उत्तर वन सारनी।
शनिवार अलशुह ग्रामीणों द्वारा प्लांटेशन की नर्सरी में घरेलु जानवर चराने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें दो ग्रामीण-दो कर्मियों सहित अन्य सात लोगों को गंभीर चोट आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।
– वंदना मेहतो रेंजर सारनी बीट।

24 Views
24 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply