-‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा द्वारा शासन के निर्देशानुसार शहरी स्वच्छता एवं जनजागरुकता अभियान, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को वार्ड क्र. 19 स्थित महाराणा प्रताप उद्यान में ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ नगर में हरियाली को बढ़ावा देना और नागरिकों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, प्रगति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का संदेश भी देता है। लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोशन सिंह बॉथम, नोडल अधिकारी विवेक दुबे, दीपक सोनाली, सिटी मिशन मैनेजर तरुण पाटिल एवं हरिओम गुर्जर सहित नगर पालिका परिषद हरदा और पहल संस्था से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान नवीन कुशवाह, अमित माहुले, नवीन परमार, रंजीत मालवीय एवं अनूप पाचोरे सहित अन्य लोगों ने भी पौधारोपण अभियान में सहभागिता की। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने के लिए नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की गई।
महाराणा प्रताप उद्यान में हुआ पौधारोपण

0 Views




