एक ही दिन, दो मैदान और दोनों में पहला इनाम

-छोटी हरदा की बैलजोड़ी ने रचा अनोखा इतिहास
-नर्मदापुरम और खंडवा में लहराया परचम

अनोखा तीर, हरदा। बैलगाड़ी दौड़ के मैदान में हरदा जिले के ग्राम छोटी हरदा की बैलजोड़ी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी चर्चा अब आसपास के जिलों में हो रही है। प्रहलाद पटेल जेवल्या की बैलजोड़ी ने एक ही दिन में नर्मदापुरम जिले की सेकंड पट और खंडवा जिले की शंकर पट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर दोहरी जीत दर्ज की। दौड़ प्रेमी विजय जेवल्या के अनुसार, ग्राम टाकली कला, जिला खंडवा स्थित मां शात-आसरा माता मैदान में आयोजित विशाल बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में प्रहलाद पटेल जेवल्या छोटी हरदा की बैलजोड़ी ने प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपए जीता। प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार पूनम मांजू सालाबेड़ी एवं अशोक पटेल कुंडगांव की बैलजोड़ी तथा तृतीय पुरस्कार रामबिलास पटेल खमलाय की बैलजोड़ी ने प्राप्त किया। इसी दिन ग्राम खिड़िया, तहसील माखननगर, जिला नर्मदापुरम में जय ग्वाल बाबा सेकंड पट प्रतियोगिता आयोजित हुई। यहां भी प्रहलाद पटेल जेवल्या की बैलजोड़ी ने प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपए अपने नाम किया। द्वितीय पुरस्कार राजेश पंवार जामली एवं अभिषेक बाता लोरास की बैलजोड़ी तथा तृतीय पुरस्कार राजेश पंवार जामली की बैलजोड़ी ने जीता।
दो जिलों में एक ही दिन दोहरा परचम
बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता के इतिहास में एक ही दिन, एक ही मालिक की बैलजोड़ी द्वारा दो अलग-अलग जिलों में आयोजित सेकंड पट और शंकर पट प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार हासिल करना अपने आप में खास उपलब्धि मानी जा रही है। छोटी हरदा की इस बैलजोड़ी की दोहरी जीत से क्षेत्र के बैलगाड़ी दौड़ प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। दोनों प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

0 Views

Leave a Reply