108 एंबुलेंस रास्ते में खराब, गंभीर मरीज की अटकी सांसें

– सिवनी मालवा से नर्मदापुरम ले जाते समय डोलरिया के पास बिगड़ी एंबुलेंस
– करीब दो घंटे तक परेशान रहे मरीज के परिजन

अनोखा तीर, नर्मदापुरम। गंभीर हालत में महिला मरीज को सिवनी मालवा से नर्मदापुरम ले जा रही 108 एंबुलेंस डोलरिया के पास अचानक खराब हो गई। बीच रास्ते में एंबुलेंस के खड़े हो जाने से मरीज के परिजनों की चिंता बढ़ गई। जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस करीब दो घंटे तक रास्ते में खड़ी रही, जिससे मरीज को समय पर उपचार मिलने को लेकर परिजन परेशान नजर आए। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस खराब होने के बाद काफी देर तक मरीज को दूसरी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इस दौरान मरीज के परिजनों और एंबुलेंस चालक के बीच कहासुनी की स्थिति भी बन गई। परिजनों का आरोप था कि गंभीर मरीज को जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन एंबुलेंस खराब होने के बाद उन्हें काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। मामला सामने आने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था और वाहनों के रख-रखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों के मुताबिक डेढ़ घंटे बद इटारसी की एंबुलेंस से महिला पेशेंट को जिला अस्पताल लाया गया, जहां महिला का उपचार जारी है। एंबुलेंस खराब होने के वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। इस मामले को लेकर जब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिवनी मालवा में पदस्थ डॉ. ब्रजेश राजपूत ने बताया कि महिला पेशेंट को एंबुलेंस 108 से  जिला अस्पताल रैफर किया था। लेकिन अचानक डोलरिया में शुभम ढाबा के साथ एंबुलेंस खराब हो गई। जिसकी सूचना मिलते ही इटारसी अस्पताल से एंबुलेंस बुलाकर महिला पेशेंट को जिला अस्पताल भेजा गया हैं।

0 Views

Leave a Reply