– चने-फुटाने का ठेला लगाने वाले फूलचंद की बदली जिंदगी
अनोखा तीर, हरदा। शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना गरीब और छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हो रही है। ऐसी ही एक कहानी है हरदा के वार्ड क्रं 04 निवासी फूलचंद कहार की। फूलचंद पिछले 15 वर्षों से शहर में चने-फुटाने का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। लॉकडाउन के दौरान उनकी पूंजी खत्म हो गई थी और उन्हें ब्याज पर पैसा लेना पड़ रहा था। तभी उन्हें नगरपालिका के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने नगरपालिका में आवेदन किया। नगरपालिका द्वारा तत्परता से उनका आवेदन स्वीकृत करवाकर प्रथम चरण में 10 हजार रुपए, द्वितीय चरण में 20 हजार रुपए एवं तृतीय चरण में 50 हजार रुपए की राशि बिना गारंटी के उपलब्ध कराई गई। फूलचंद ने बताया कि इस राशि से उन्होंने अपना व्यवसाय फिर से शुरू किया और ठेले में पहले से अधिक माल रखा, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई। आज वे आत्मनिर्भर बन गए हैं। समय पर ऋण चुकाने से उनका सिबिल स्कोर भी बेहतर हुआ है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।





