14 वर्षों में 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण

-स्किल महोत्सव में शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण की पहल, वृद्धजनों का सम्मान कर लिया आशीर्वाद

अनोखा तीर, हरदा। नगर की संस्था जेड प्लस एकेडमी में शनिवार को स्किल महोत्सव के दौरान संस्था ने सामाजिक सरोकार की नई पहल करते हुए वृद्ध आश्रम में निवासरत बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक केंद्र पर आमंत्रित किया। उनके साथ भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बुजुर्गों को दैनिक उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई तथा उनके अनुभव सुने गए और आशीर्वाद लिया गया। संस्था की डायरेक्टर शिवप्रिया रूपेंद्र रघुवंशी ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सीईओ नंदिनी धावने एवं पीआरओ अर्चना चौरसिया ने भी सभी सहयोगियों और अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर बताया गया कि कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत संस्था द्वारा पिछले 14 वर्षों में 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया गया। संस्था द्वारा जीडीए नर्सिंग, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, ऑटोमोटिव, बैंकिंग, रिटेल और कंप्यूटर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया गया। संस्था के अनुसार हरदा के अलावा ग्वालियर, भिंड, शाजापुर, आगर-मालवा, आष्टा, सीहोर, इंदौर, भोपाल और नर्मदापुरम में भी प्रशिक्षण एवं सामाजिक गतिविधियां संचालित की गईं। प्रदेश में 300 से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 3 हजार से अधिक बीपीएल कार्डधारी महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का दावा किया गया। संस्था द्वारा केंद्र एवं राज्य शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 2 हजार से अधिक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को प्रबंधन, इंजीनियरिंग, पैरामेडिकल, पॉलिटेक्निक सहित उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाकर नि:शुल्क डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों का लाभ दिलाया गया। वहीं 600 से अधिक दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण देकर मानदेय का लाभ दिलाने की जानकारी दी गई। संस्था के अनुसार पिछले 14 वर्षों में प्रशिक्षण प्राप्त 3 हजार से अधिक विद्यार्थी रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ चुके हैं। बैंकिंग प्रशिक्षण विश्वविद्यालय के साथ सहयोग के माध्यम से 100 से अधिक स्नातक युवक-युवतियों को निजी बैंकिंग क्षेत्र में असिस्टेंट मैनेजर पद पर प्लेसमेंट दिलाया गया, जिनका वार्षिक पैकेज न्यूनतम 4.5 लाख रुपए बताया गया।
स्किल महोत्सव में जुटे शिक्षाविद और जनप्रतिनिधि
संस्था द्वारा आयोजित स्किल महोत्सव में क्षेत्र के शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, विधायक रामकिशोर दोगने, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, आरएसएस जिला प्रचारक प्रशांत शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर मार्गदर्शन दिया। संस्था के अनुसार प्रदेशभर में 500 से अधिक एसोसिएट का समूह शिक्षा, उच्च शिक्षा और प्लेसमेंट के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। हरदा और नर्मदापुरम के स्थानीय केंद्रों की 55 सदस्यीय टीम इसके संचालन में सहयोग कर रही है।

0 Views

Leave a Reply