– एलबीएस कॉलेज में ग्रेजुएशन सेरेमनी 2026, उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र से किया सम्मानित
अनोखा तीर, हरदा। नगर के लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय में 26 सितंबर को ‘एलबीएस ग्रेजुएशन सेरेमनी 2026Ó का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खरे ने की। समारोह में सनरेज स्कूल हरदा की प्राचार्य ज्योति दुबे, शासकीय उमा विद्यालय मसनगांव के सेवानिवृत्त प्राचार्य जेपी सोनी तथा सेवानिवृत्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष जपे अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में उतारना जरूरी है। विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाजहित में करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। प्राचार्य डॉ. राजीव खरे ने महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे। विद्यार्थियों के सम्मान के दौरान परिसर में उत्साह का माहौल रहा। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





