अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर उमा विद्यालय में विद्या भारती के तत्वावधान में आयोजित नमामि भारतम अभियान के तहत वंदे मातरम का सामूहिक गायन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य 1 करोड़ जन-सामान्य के साथ एक ही समय, एक लय और एक स्वर में संपूर्ण वंदे मातरम का गायन कर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मुकेश वर्मा आयुष विभाग अधिकारी, नीरज सारठे सहायक इंजीनियर, एनएचएआई एवं आलोक जैन अध्यक्ष, हरदा बाल विकास समिति उपस्थिति रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य देवानंद सोनार एवं उप-प्राचार्य रामदास राजपूत ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात, प्रात: 11 बजे निर्धारित समय पर अतिथियों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यार्थियों ने एक स्वर में पूर्ण वंदे मातरम का सस्वर गायन किया। राष्ट्रभक्ति के इस अनुपम दृश्य से संपूर्ण विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मूल्यों, देशभक्ति और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े रहने की प्रेरणा दी। प्राचार्य देवानंद सोनार ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सरस्वती विद्या मंदिर में हर्षोल्लास के साथ हुआ वंदे मातरम का सामूहिक गायन

0 Views




