कांपते हाथ और नम आंखों ने दी विघ्नहर्ता को विदाई

-वृद्धाश्रम में 11 दिवसीय गणेश उत्सव का भावुक समापन

अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय वृद्ध आश्रम में 11 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन भावुक माहौल में हुआ। गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान आश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों की आंखें नम हो गईं। कांपते हाथों से उन्होंने अपने आराध्य भगवान गणेश को विदाई दी। इस दौरान भक्तिभाव के साथ भावनाओं का भी गहरा रंग देखने को मिला। सार्थक सेवा आश्रय समिति के अध्यक्ष बलराम काले ने बताया कि समिति द्वारा पिछले चार वर्षों से वृद्ध आश्रम में गणेश प्रतिमा स्थापित कर उत्सव मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी 11 दिनों तक भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए, जिसमें वरिष्ठ जनों ने उत्साह और श्रद्धाभाव से सहभागिता की। उन्होंने बताया कि आश्रम में रहने वाले वरिष्ठ जनों के लिए प्रमुख त्योहारों को विशेष रूप से मनाया जाता है, ताकि उन्हें परिवार जैसा अपनापन, सम्मान और खुशियां मिल सकें। गणेश उत्सव के दौरान भी आश्रम का माहौल पारिवारिक और आत्मीय बना रहा। विसर्जन के दौरान कई वरिष्ठ जन भावुक नजर आए। किसी की आंखों में आंसू थे तो कोई हाथ जोड़कर अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना कर रहा था। 11 दिनों तक भगवान गणेश के साथ जुड़ी आस्था और आत्मीयता विसर्जन के समय साफ दिखाई दी।

0 Views

Leave a Reply