– पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने किसानों से की अपील, कहा- पात्र किसान को फसल बीमा से वंचित नहीं रहने देंगे
अनोखा तीर, हरदा/खिरकिया। जिले में बारिश और अन्य कारणों से फसलों को हुए नुकसान को लेकर पूर्व कृषि मंत्री एवं भाजपा नेता कमल पटेल ने किसानों से फसल बीमा योजना के तहत समय पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि फसल खराब होने की सूचना किसान 24 घंटे के भीतर संबंधित फसल बीमा कंपनी और कृषि विभाग को दें। पटेल ने कहा कि किसानों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सर्वे टीम को खेत पर पहुंचकर फसल नुकसान का आकलन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में खेड़ा, नांदरा सहित जिले के विभिन्न गांवों से किसानों ने फोन कर सोयाबीन सहित अन्य फसलों के खराब होने की जानकारी दी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ किसानों ने शिकायत की थी कि सूचना देने के बावजूद सर्वे टीम उनके खेतों तक नहीं पहुंची। इस पर उन्होंने कृषि विभाग, राजस्व विभाग और फसल बीमा कंपनी के अधिकारियों से चर्चा कर संबंधित गांवों में सर्वे टीम भेजने के लिए कहा है।
पटेल ने किसानों से कहा कि यदि फसल खराब होने की सूचना देने के बाद भी सर्वे नहीं होता है या समस्या का समाधान नहीं होता, तो किसान खेत में खराब फसल का वीडियो बनाकर उनके मोबाइल नंबर 9425003974 एवं 7389331039 पर वाट्सऐप कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर किसानों की समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों से समय सीमा के भीतर फसल नुकसान की सूचना देने की अपील करते हुए कहा कि शिकायत दर्ज नहीं कराने पर किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। पटेल ने कहा कि उनका प्रयास है कि हरदा जिले का कोई भी पात्र किसान फसल बीमा के लाभ से वंचित न रहे। भाजपा सोशल मीडिया हरदा विधानसभा सह संयोजक आशुतोष पाराशर ने बताया कि पूर्व कृषि मंत्री ने किसानों के हित में यह वीडियो संदेश जारी किया है।
फसल खराब होने पर 24 घंटे में करें शिकायत, सर्वे न हो तो वीडियो भेजें

2 Views




