Skip to content
Monday, 23 November 2026
हरदा

बादलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता, कटाई के मुहाने पर सोयाबीन

3 min read

– सुबह से छाए रहे काले बादल, दोपहर में चली तेज हवा, 29 डिग्री पर आया पारा

अनोखा तीर, मसनगांव। मानसून की विदाई का समय चल रहा है, लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और बारिश की आशंका बनी रही। दोपहर में तेज हवाएं चलने से तापमान गिरकर 29 डिग्री पर पहुंच गया। हवा से गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बादलों के कारण उमस ने ग्रामीणों को परेशान किया। सबसे ज्यादा चिंता खेतों में पककर तैयार खड़ी सोयाबीन को लेकर है। किसान अब फसल कटाई के लिए मौसम खुलने और तेज धूप निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
धूप नहीं निकली तो बढ़ेगी परेशानी
क्षेत्र में सोयाबीन की फसल अब पूरी तरह पकने की स्थिति में पहुंच चुकी है। कई खेतों में फसल कटाई के लिए तैयार है। किसानों का कहना है कि अभी खेतों में अच्छी धूप की जरूरत है, ताकि फसल पूरी तरह सूख सके और कटाई का काम शुरू किया जा सके। यदि मौसम इसी तरह बदला रहा और बादल छाए रहे तो कटाई आगे खिसक सकती है।
चार-छह दिन में शुरू हो सकती है कटाई
किसानों के अनुसार यदि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहा और लगातार तेज धूप निकली तो चार से छह दिनों में सोयाबीन की कटाई शुरू हो जाएगी। वहीं बारिश या लगातार बादल बने रहने से खेतों में तैयार फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ सकती है। ग्रामीणों की नजर अब मौसम के अगले कुछ दिनों के मिजाज पर टिकी हुई है।
सितंबर में घटने लगी दिन की अवधि, बढ़ने लगी रात
23 सितंबर के बाद सूर्य की स्थिति में बदलाव से शुरू होता है यह क्रम – सितंबर का महीना आगे बढ़ने के साथ ही दिन और रात की अवधि में अंतर दिखाई देने लगा है। वैज्ञानिकों के अनुसार 23 सितंबर के आसपास सूर्य विषुवत रेखा के ऊपर दिखाई देता है, इसके बाद सूर्य का आभासी उत्तर-दक्षिण गमन दक्षिणी गोलार्ध की ओर होने लगता है। इसका सीधा असर उत्तरी गोलार्ध में दिन की अवधि पर पड़ता है। दिन धीरे-धीरे छोटे और रातें लंबी होने लगती हैं, इसका असर दिखाई देने लगा है। बतलाया जाता है कि यह बदलाव अचानक महसूस नहीं होता, बल्कि प्रतिदिन कुछ सेकंड से लेकर कुछ मिनट तक का अंतर आता है। यही कारण है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से शाम जल्दी होने और सुबह अपेक्षाकृत देर से उजाला होने का अंतर धीरे-धीरे महसूस किया जाने लगा है।

2 Views
2 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply